शिमला, 18जून हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को संजौली-ढली बाईपास पर भारी लैंडस्लाइड होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें और एक विशाल देवदार का पेड़ सड़क पर आ गिरा, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
लैंडस्लाइड के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही शिमला पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया है और लोगों से सहयोग व सावधानी बरतने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि इस बाईपास मार्ग का उपयोग अपर शिमला, करसोग और अन्य क्षेत्रों के लिए जाने वाली बसें और वाहन बड़ी संख्या में करते हैं। ऐसे में सड़क बंद होने से यातायात व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ा है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते विभिन्न इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
फिलहाल प्रशासन सड़क से मलबा और चट्टानें हटाने के कार्य में जुटा हुआ है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।

