Himachal

शिमला समर फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया उद्घाटन

  1. शिमला, हिमाचल प्रदेश, राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित शिमला समर फेस्टिवल 2026 का सोमवार शाम भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। पहली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि शिमला का प्राकृतिक सौंदर्य, सुहावना मौसम और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहर की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों को ध्यान में रखते हुए सभी को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और नियमों का पालन करना चाहिए।

 

राज्यपाल ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे शिमला की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें ताकि उनकी यात्रा सुखद और यादगार बन सके। उन्होंने विश्वास जताया कि समर फेस्टिवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

 

समर फेस्टिवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी मौजूद रहे। कलाकारों ने लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति की झलक पेश की। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे रिज मैदान में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

 

प्रशासन के अनुसार समर फेस्टिवल के दौरान आगामी दिनों में भी कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, संगीत संध्याएं और विभिन्न मनोरंजन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका पर्यटक और स्थानीय लोग भरपूर आनंद उठा सकेंगे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button