ChandigarhPunjab

*2027 में बिना मुख्यमंत्री चेहरा चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: भूपेश बघेल, कहा जीत के बाद होगी CM पर सहमति* कल होगी चन्नी के साथ चाय पर चर्चा

`चेहरा राहुल गांधी, मिशन पंजाब - 2027 में कांग्रेस बिना CM फेस लड़ेगी चुनाव`*

चंडीगढ़, 10 जुलाई, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में  से बातचीत में कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस बिना मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी राहुल गांधी के चेहरे और नेतृत्व को आधार बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं की सहमति से मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। बघेल ने कहा कि कांग्रेस का फोकस अब सामूहिक नेतृत्व और संगठन की मजबूती पर है।

बघेल ने बताया कि वह पंजाब का दौरा कई दिन बढ़ाकर आए हैं और इस दौरान वह लगातार पार्टी नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से उनकी मुलाकात का समय आज तय था, लेकिन मोरिंडा में स्थानीय निकाय चुनाव में व्यस्तता के कारण अब शनिवार को मिलने का समय तय किया गया है। इसके अलावा विधायक राणा गुरजीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात होगी। उन्होंने कहा कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पंजाब कांग्रेस को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है। संगठन की मजबूती, पार्टी की एकजुटता और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। कांग्रेस का लक्ष्य पंजाब में फिर से मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरना है।

2027 चुनाव की सबसे बड़ी चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती संगठन को पूरी तरह एकजुट रखना और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। पंजाब के लोग रोजगार, कृषि, उद्योग, कानून व्यवस्था और नशे जैसे मुद्दों का समाधान चाहते हैं। कांग्रेस को इन मुद्दों पर स्पष्ट रोडमैप के साथ जनता के बीच जाना होगा। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देनी होगी। बदलते राजनीतिक माहौल में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।

 

कांग्रेस के अंदरूनी हालात को सुधारने के सवाल पर बघेल ने कहा कि आलाकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर पार्टी का हित है। पंजाब में सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। जहां भी मतभेद हैं, उन्हें बातचीत और आपसी सहमति से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन के हर स्तर पर सामंजस्य बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उनका प्रयास है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट होकर जनता के बीच जाए।

क्या कांग्रेस 2027 की चुनावी लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम स्थिति में है, इस पर बघेल ने कहा कि बिल्कुल। कांग्रेस आज भी पंजाब की सबसे मजबूत राजनीतिक ताकतों में से एक है। पार्टी के पास अनुभवी नेतृत्व, मजबूत संगठनात्मक ढांचा और जमीनी स्तर पर समर्पित कार्यकर्ता हैं। यदि पूरी एकजुटता के साथ काम किया जाए तो कांग्रेस 2027 में सत्ता के लिए मजबूत दावेदारी पेश करेगी। पार्टी अभी से चुनावी तैयारी, जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार पर काम कर रही है।

2027 में सबसे बड़ा मुकाबला किससे होगा, इस सवाल पर बघेल ने कहा कि वर्तमान में आम आदमी पार्टी सत्ता में है, इसलिए स्वाभाविक रूप से उसका कमजोर प्रदर्शन जनता के सामने सबसे बड़ा मुद्दा होगा। भाजपा भी पंजाब में अपने राजनीतिक विस्तार का प्रयास कर रही है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रीय दल भी सक्रिय हैं। लेकिन कांग्रेस किसी एक पार्टी को लक्ष्य बनाकर राजनीति नहीं कर रही। उनका फोकस जनता के मुद्दों पर है और उन्हें विश्वास है कि जनता के समर्थन के आधार पर कांग्रेस सभी दलों का मजबूती से मुकाबला करेगी।

चरणजीत सिंह चन्नी सहित नाराज नेताओं को मनाने के बारे में उन्होंने कहा कि चन्नी से मुलाकात का समय आज तय था, लेकिन अब शनिवार को समय तय है। चन्नी के अलावा अन्य नेताओं से भी बात होगी। सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद ही कांग्रेस की चुनावी रणनीति को लेकर आगे की गतिविधियां तय होंगी। एक ही उद्देश्य है कि 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाकर पंजाब को उसकी पुरानी पहचान दिलाई जाए।

  • बघेल ने केंद्र सरकार की E-20 पेट्रोल नीति का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना पर्याप्त शोध और तैयारी के देश की जनता पर एथनॉल मिश्रित E-20 पेट्रोल थोप रही है। इससे वाहन मालिकों की चिंताएं बढ़ रही हैं। सरकार को पहले वैज्ञानिक अध्ययन, तकनीकी परीक्षण और उपभोक्ताओं पर इसके प्रभाव का व्यापक आकलन करना चाहिए था। लेकिन ऐसा लगता है कि कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने की जल्दबाजी में इस नीति को आगे बढ़ाया गया है। जनता के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती, इसलिए कांग्रेस इसका जबरदस्त विरोध करेगी और देशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।

अंत में पंजाब की जनता को संदेश देते हुए बघेल ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का लक्ष्य पंजाब में मजबूत, जवाबदेह और जनहितकारी राजनीति को आगे बढ़ाना है। संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्हें विश्वास है कि पंजाब के लोग 2027 में कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button