तूफान बना आफत: NH-5 पर चलती गाड़ियों के बीच गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचे लोग
सी सी टी वी में साफ दिखा पेड़ गिरता
शिमला (ज्यूरी),
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम का कहर देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर तेज तूफान और खराब मौसम के चलते एक विशाल पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर आ गिरा। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं के चलते पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत यह रही कि उस समय कोई राहगीर या वाहन सवार पेड़ की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ गिरने से सड़क किनारे खड़े कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और संबंधित विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया।
क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


