एक सेल्फी और मौत से सामना!
मणिकर्ण में उफनती पार्वती नदी में बहा पंजाब का परिवार, चंद सेकंड में बदल गई खुशी की यात्रा
हिमाचल प्रदेश ,मणिकर्ण (कुल्लू), 9 जून
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन स्थल मणिकर्ण में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोशल मीडिया के दौर में फोटो और सेल्फी का जुनून एक पंजाबी परिवार पर इतना भारी पड़ गया कि पूरा परिवार उफनती पार्वती नदी के तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और बचाव दल की तत्परता से तीनों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार पंजाब से आया परिवार गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद पार्वती नदी के किनारे प्राकृतिक सौंदर्य के बीच फोटो और सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान परिवार नदी के बेहद करीब पहुंच गया। अचानक एक सदस्य का संतुलन बिगड़ा और वह नदी में जा गिरा। उसे बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज बहाव की चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। नदी में बहते परिवार को देखकर लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बावजूद दो सदस्य कुछ दूरी पर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे, जबकि तीसरे सदस्य को बचाने के लिए स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने जान जोखिम में डालकर अभियान चलाया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्वती नदी का जलस्तर इन दिनों काफी बढ़ा हुआ है और बहाव बेहद खतरनाक बना हुआ है। ऐसे में नदी के किनारे जाकर फोटो खिंचवाना या सेल्फी लेना जानलेवा साबित हो सकता है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय प्रशासन और लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे खूबसूरत तस्वीरों की चाह में अपनी जान जोखिम में न डालें और नदी-नालों के किनारे निर्धारित सुरक्षा दूरी का पालन करें।

