हरियाणा में राशन व्यवस्था होगी हाईटेक, डिपो पर लगेंगी 5-G OPS मशीनें

हरियाणा सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार अब प्रदेश के सभी राशन डिपो पर 5-G OPS मशीनों के साथ डिजिटल कांटे लगाने जा रही है, ताकि बीपीएल राशन कार्ड धारकों को पूरा राशन सही समय पर मिल सके और किसी प्रकार की धांधली पर रोक लगाई जा सके।
जानकारी के अनुसार, नई मशीन और डिजिटल कांटा आपस में कनेक्ट होंगे। राशन का वजन पूरा होने के बाद ही कार्डधारक की स्कैनिंग प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। इसके साथ ही अब POC मशीनों में फिंगरप्रिंट की जगह आई स्कैनिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
सरकार का लक्ष्य है कि 15 जून तक प्रदेश के सभी राशन डिपो पर नई मशीनें पहुंच जाएं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और डिपो संचालकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
वर्तमान में हरियाणा में 9,247 राशन डिपो संचालित हो रहे हैं, जहां से करीब 40.69 लाख बीपीएल कार्ड धारक राशन प्राप्त कर रहे हैं। सरकार अब 4 हजार से अधिक नए डिपो खोलने की तैयारी भी कर रही है, जिससे लोगों को करीब 500 मीटर के दायरे में राशन सुविधा उपलब्ध हो सके।
अभी तक राशन डिपो पर इस्तेमाल हो रही 2-G मशीनों में नेटवर्क संबंधी समस्याएं आती थीं, जिसके कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। वहीं बुजुर्गों की उंगलियों के निशान स्पष्ट न होने के कारण फिंगरप्रिंट सत्यापन में भी परेशानी होती थी।
राजेश नगर ने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था राशन में कम तौल और गड़बड़ी जैसी शिकायतों को खत्म करने में मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को राशन वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं।

