शिमला मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV आया सामने, स्कूल संचालिका को सिर में मारी गईं गोलियां
CCTV की तस्वीरों ने मचाया सनसनी, हरियाणा के रोहतक से दोनों शूटर गिरफ्तार
शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुए चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों हमलावर वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
13 जून को दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या ने पूरे हिमाचल प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। अब सामने आए CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक चेहरा ढककर स्कूल परिसर में पहुंचते हैं और बेहद करीब से मनीषा मित्तल पर गोलियां दाग देते हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनके सिर को निशाना बनाया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की गई।
शिमला पुलिस को बड़ी सफलता उस समय मिली जब हरियाणा के रोहतक से दोनों संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां इस हत्याकांड को संपत्ति विवाद और अन्य आर्थिक पहलुओं से जोड़कर भी देख रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। वीडियो की तस्वीरें बेहद विचलित करने वाली बताई जा रही हैं और वारदात की निर्ममता को उजागर करती हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र तथा हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।




