नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से जारी आंतरिक कलह और गुटबाजी को लेकर कांग्रेस हाईकमान द्वारा गठित तीन सदस्यीय ऑब्जर्वर कमेटी ने अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दी है। जिसके बाद कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है ओर तरह तरह की चर्चाएं तेज हो गई है।
कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन समेत अन्य सदस्य ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत फीडबैक और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी, संगठनात्मक मतभेद और आंतरिक खींचतान को लेकर केंद्रीय नेतृत्व चिंतित था। इसी के मद्देनजर पार्टी हाईकमान ने हाल ही में अजय माकन की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय ऑब्जर्वर कमिटी का गठन किया था। कमेटी को पंजाब के नेताओं, विधायकों और संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों से बातचीत कर जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा अपनी रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे, नेतृत्व से जुड़े मुद्दों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी तथा आगामी राजनीतिक रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव शामिल किए गए हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस हाईकमान पंजाब इकाई में संगठनात्मक बदलाव और अनुशासन को लेकर कुछ अहम फैसले ले सकता है। जो किसी भी समय हो सकता है
राजनीतिक हलकों की नजर अब कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई है, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब कांग्रेस में एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।

