117 सीटों पर तीन-तीन दावेदारों का पैनल तैयार करेगी कांग्रेस, पैराशूट उम्मीदवारों को नहीं मिलेगा टिकट: सिंगला
एक महीने में आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे पर्वेक्षक
चंडीगढ़, 7 जुलाई 
पंजाब कांग्रेस विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगी वह प्रवेक्षको की रिपोर्ट आने के बाद दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान इनका आंकलन करेगी। पार्टी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर आलाकमान को भेजेगी। यह जानकारी इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन विजय इंद्र सिंगला ने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिव भूपेश बघेल के साथ हुई बैठक के बाद दी।
सिंगला ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में किसी प्रकार की सिफारिश या शॉर्टकट को महत्व नहीं दिया जाएगा। संभावित उम्मीदवारों की पहचान उनकी जमीनी पकड़, संगठन में सक्रियता और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता के आधार पर की जाएगी। इसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम जनता की राय भी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर कांग्रेस आलाकमान को भेजा जाएगा। इसके बाद आलाकमान सभी पहलुओं का मूल्यांकन कर अंतिम उम्मीदवार का चयन करेगा। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चुनाव मैदान में वही चेहरा उतरे जो क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखता हो और कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सक्षम हो।
विजय इंद्र सिंगला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पैराशूट उम्मीदवारों के लिए कोई जगह नहीं होगी। किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अचानक किसी बाहरी व्यक्ति को लाकर टिकट नहीं दिया जाएगा। पार्टी उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए काम किया है और जनता के बीच अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पारदर्शी और जमीनी स्तर पर आधारित उम्मीदवार चयन से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में लाभ मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस नेतृत्व कार्यकर्ताओं की राय और जनता के विश्वास को सर्वोच्च महत्व देते हुए चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे रहा है।




