National

शराब, विवाद और कत्ल: परिवार के अंदर रची गई खौफनाक साजिश का खुलासा

­भाई-भाभी निकले कातिल, हत्या के बाद बोरे में भरकर फैक्ट्री के बाहर फेंकी थी लाश

नई दिल्ली,16जून ,

पश्चिमी जिला पुलिस की मोती नगर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए मृतक के सगे भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब ढाई महीने पहले रामा रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर प्लास्टिक के बोरे में बंद एक सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। लंबी जांच, तकनीकी विश्लेषण और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने इस रहस्यमयी हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली।

 

पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल को रामा रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर सफेद रंग का एक बड़ा प्लास्टिक का बोरा मिला था, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। जब पुलिस ने बोरा खोला तो उसके अंदर दो कंबलों में लिपटा हुआ एक शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह सड़ चुका था और मृतक के दोनों पैर मोबाइल चार्जर की तार से बंधे हुए थे। शुरुआती जांच में शव की पहचान करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की हत्या गला दबाकर की गई थी। उसके सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 200 से ज्यादा ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किए गए।

 

जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग तब मिला जब शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई एक ई-कार्ट की पहचान हुई। ई-कार्ट चालक और मजदूरों से पूछताछ के आधार पर पुलिस लोनी (गाजियाबाद) स्थित उस किराए के मकान तक पहुंची, जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। मकान से खून के धब्बों सहित कई महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद किए गए।

 

पुलिस जांच में मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अमित का छोटा भाई गोपाल और उसकी पत्नी सोमा उर्फ सीमा उसी मकान में रहते थे। हत्या के बाद दोनों मकान खाली कर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लगातार दबिश दी। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आखिरकार 15 जून को दोनों आरोपियों को रामा रोड स्थित शिव बस्ती इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमित कुमार शराब पीने का आदी था और वह अपने छोटे भाई की पत्नी सोमा उर्फ सीमा के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक व्यवहार करता था। आरोप है कि वह उस पर अनुचित दबाव बनाता था और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे।

 

पुलिस का मानना है कि लंबे समय से चले आ रहे इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर गोपाल और उसकी पत्नी ने अमित की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कंबलों में लपेटकर प्लास्टिक के बोरे में बंद किया गया और ई-कार्ट की मदद से रामा रोड स्थित फैक्ट्री के बाहर फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

 

फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी, घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। आरोपी गोपाल को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी सोमा उर्फ सीमा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।संभावित

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button